पुलिस की कार्रवाई:अवैध कॉलोनी काटने वाले जालंधर के 9 और कॉलोनाइजरों पर FIR, अब तक 39 पर हो चुका एक्शन
थाना लांबड़ा व पतारा में JDA के पत्र के बाद पुलिस ने दर्ज किए मामले
जालंधर. बिना मंजूरी के कॉलोनियां काट मोटी कमाई करने वाले जालंधर के 9 और कॉलोनाइजरों पर पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। थाना लांबड़ा व पतारा में यह कार्रवाई जालंधर डेवलपमेंट अथॉरिटी (JDA) के पत्र के बाद की गई है। जालंधर रूरल पुलिस ने 7 FIR में यह कॉलोनाइजर नामजद किए हैं। शहर से लेकर देहात तक अवैध कॉलोनी काटने के आरोप में नामजद कॉलोनाइजरों की गिनती 39 हो चुकी है।
इससे पहले रूरल पुलिस ने 9 और कमिश्नरेट पुलिस 21 कॉलोनाइजरों पर केस दर्ज कर चुकी है। जिनमें सबसे बड़ा नाम St Soldier Group – Jalandhar के चेयरमैन अनिल चोपड़ा का है। हालांकि वो इसे गलत करार देते हुए कहा चुके हैं कि पुलिस ने गलती से उन पर कार्रवाई की है। उनका कॉलोनी से कोई लेना-देना नहीं है।
JDA के जाल में ऐसे फंसे कॉलोनाइजर
पंजाब सरकार 2013 में अवैध कॉलोनियों को रेगुलर करने के लिए वन टाइम सेटलमेंट पॉलिसी लेकर आई थी। जिसमें 1995 से पहले बनी कॉलोनियों को उनके मौजूदा स्वरूप में ही रेगुलर किया जाना था, चाहे उनमें पर्याप्त चौड़ी सड़क या पार्क आदि सुविधाएं हों या न हों। इसको लेकर PUDA की मंजूरी के बगैर कॉलोनी काटने वालों ने उसे रेगुलर करने का आवेदन कर दिया लेकिन औपचारिकताएं पूरी नहीं की।
नोटिस के बावजूद कोई जवाब नहीं आया तो JDA ने उनका आवेदन रिजेक्ट कर दिया। इसके बाद फिर संशोधित पॉलिसी लाकर उन्हें मौका दिया गया लेकिन उसमें भी किसी ने आवेदन नहीं किया। चूंकि कॉलोनाइजर खुद ही अपनी कॉलोनी को अवैध बताकर रेगुलर करने का आवेदन कर चुके हैं, ऐसे में वो खुद ही JDA के जाल में फंस गए। बिना मंजूरी कॉलोनी काट कमाई करने वाले कॉलोनाइजरों पर अब ताबड़तोड़ केस दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
इनके खिलाफ दर्ज हुई FIR
- भवनीत सिंह पुत्र राजिंदर सिंह निवासी 122, शहीद उधम सिंह नगर। गांव वडाला में ग्रीन वुड्स के नाम से 2.67 एकड़ में अवैध कॉलोनी काटी।
- हरमिंदर सिंह पुत्र कुलवंत सिंह निवासी 11, VIP कॉलोनी, राजा गार्डन, नजदीक बस्ती पीरदाद। गांव चौगावां में 5.48 एकड़ में सागर विहार नाम से अवैध कॉलोनी काटी।
- इकबाल सिंह पुत्र बिशन सिंह निवासी वडाला, नकोदर रोड। गांव वडाला में 4.80 एकड़ में वेस्ट वुड फार्म-II नाम से अवैध कॉलोनी काटी।अशोक कुमार पुत्र मदन लाल निवासी 342, शक्ति नगर।
- गांव चौगावां में 7.5 एकड़ में संजय अरोरा बागवाली नाम से अवैध कॉलोनी काटी।
- रणजीत सिंह पुत्र चरन सिंह निवासी 233-B, आदर्श नगर और अरविंदर सिंह पुत्र गुरिंदर सिंह निवासी 472, जेपी नगर अपोजिट अपरा पार्क। इन दोनों ने गांव धालीवाल में 1.51 एकड़ में धालीवाल कॉलोनी के नाम से अवैध कॉलोनी काटी।
- सुख लाल पुत्र तारा चंद निवासी खुरला किंगरा और मदन लाल पुत्र कांशी राम। इन दोनों ने गांव नाहल में 1.24 एकड़ में रेसीडेंशियल कॉलोनी के नाम से अवैध कॉलोनी काटी।
- अमित सिक्का पुत्र गुलशन सिक्का निवासी मकान नंबर 925, अर्जन नगर, लाडोवाली रोड। गांव जोहल में 3.05 एकड़ में न्यू जोहल कॉलोनी के नाम से अवैध कॉलोनी काटी।