आशा भोसले की अंतिम यात्रा कुछ देर में:4 बजे मुखाग्नि दी जाएगी; तिरंगे में लपेटकर सलामी दी गई, श्रद्धांजलि देने गए सचिन रो दिए
सिंगर आशा भोसले का आज 4 बजे मुंबई के शिवाजी पार्क में अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनका रविवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया था। वे 92 साल की थीं।
आशा भोसले का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ होगा। सुबह उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए उनके मुंबई निवास कासा ग्रैंड में रखा गया है। इससे पहले उन्हें तिरंगे में लपेटकर सलामी दी गई।
आशा भोसले को दी गई सलामी
राजकीय सम्मान के लिए आशा भोसले का पार्थिव शरीर तिरंगे में लपेटा गया, जिसके बाद उन्हें सलामी दी गई है।

पीएम नरेंद्र मोदी ने दी श्रद्धांजलि
आशा भोसले के निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी, शाहरुख खान, हेमा मालिनी समेत कई लोगों ने दुख जताया।
नरेंद्र मोदी ने कहा,

भारत की सबसे प्रतिष्ठित और बहुमुखी आवाजों में से एक आशा भोसले जी के निधन से मैं बेहद दुखी हूं।उनका असाधारण संगीत सफर, जो दशकों तक चला, हमारी सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध करता रहा और दुनियाभर के अनगिनत दिलों को छू गया। चाहे उनकी भावपूर्ण धुनें हों या जीवंत रचनाएं, उनकी आवाज में एक कालातीत चमक थी।मैं उनके साथ हुई मुलाकातों को हमेशा संजोकर रखूंगा। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, प्रशंसकों और संगीत प्रेमियों के साथ हैं। वह आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी और उनके गीत हमेशा लोगों के जीवन में गूंजते रहेंगे।


अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे सचिन तेंदुलकर
आशा भोसले के परिवार के करीबी रहे पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, पत्नी अंजलि तेंदुलकर के साथ आशा भोसले के अंतिम दर्शन करने पहुंचे हैं।

अंतिम दर्शन के बाद सचिन, सिंगर के परिवार को गले लगाकर रो पड़े।

आशा भोसले ने 82 साल के सिंगिंग करियर में 9 फिल्फमेयर समेत 100 से अधिक अवॉर्ड जीते। उन्हें देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।

एक्ट्रेस हेलेन ने आशा भोसले को श्रद्धांजलि दी। हेलेन पर फिल्माए कई गाने जैसे ‘पिया तू अब तो आजा’, ‘ओ हसीना जुल्फों वाली’ और ‘ये मेरा दिल यार का दीवाना’ आशा भोसले ने गाए थे।

म्यूजिक कंपोजर लेजली लेविस ने आशा भोसले को श्रद्धांजलि दी।

अंतिम यात्रा की तैयारी शुरू, सफेद फूलों से सजी गाड़ी
आशा भोसले की अंतिम यात्रा उनके निवास कासा ग्रैंड से शिवाजी पार्क के लिए जल्द ही रवाना होगी। उनके शव वाहन को सफेद फूलों से सजाया जा रहा है।


फिल्ममेकर राकेश रोशन ने आशा भोसले को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने परिवार के सदस्यों से बातचीत भी की।

नील नितिन मुकेश पिता के साथ अंतिम दर्शन करने पहुंचे
बॉलीवुड एक्टर नील नितिन मुकेश, पिता नितिन मुकेश के साथ आशा भोसले के अंतिम दर्शन करने पहुंचे और श्रद्धांजलि दी।
