सीतामढ़ी में मोदी बोले- कट्‌टे वाली सरकार नहीं चाहिए:बच्चों को रंगदार नहीं डॉक्टर-इंजीनियर बनाना है; RJD उनके हाथ में दुनाली दे रही

0 144

सीतामढ़ी में पीएम मोदी ने कहा, ‘ये चुनाव बिहार का भविष्य तय करेगा। इसलिए ये चुनाव बहुत अहम है। जंगलराज वालों के प्रचार के गाने सुने हैं आपने। छोटे बच्चे मंच से कह रहे हैं, हमें रंगदार बनना है।’

‘क्या बिहार के बच्चों को रंगदार बनना चाहिए या डॉक्टर- इंजीनियर बनना चाहिए। बिहार में स्टार्टअप के सपने देखने वाले चाहिए, हैंड्सअप कहने वाले नहीं चाहिए। राजद वालों के प्रचार गाने सुनकर आप कांप जाएंगे। हम बच्चों के हाथों में लैप टॉप दे रहे हैं। राजद वाले कट्टा-दुनाली दे रहे हैं।’

कट्टा-क्रूरता इनकी पहचान है

पीएम मोदी ने कहा कि, ‘विकसित भारत के लिए बिहार का विकसित होना जरूरी है। RJD और कांग्रेस कभी भी बिहार को विकसित नहीं बना सकते हैं।’

‘इन लोगों ने बिहार पर कई सालों तक राज किया। इन लोगों ने आपके साथ सिर्फ विश्वासघात किया है। जहां कट्टा, क्रूरता का राज हो, वहां कानून दम तोड़ देता है।’

‘जहां कटुता बढ़ाने वाली RJD और कांग्रेस हो, वहां समाज में सद्भाव मुश्किल होता है। जहां RJD और कांग्रेस का कुशासन हो, वहां विकास का नामो-निशान नहीं होता है। जहां करप्शन हो, वहां सामाजिक न्याय नहीं मिलता, ऐसे लोग कभी भी बिहार का भला नहीं कर सकते।’

मां सीता से प्रार्थना की थी अयोध्या का फैसला रामलला के पक्ष में हो

‘मां सीता की भूमि पर आया हो, ये मेरे लिए सौभाग्य की बात है। मुझे 6 साल पहले का वाकया याद आता है। 8 नवंबर 2019 को मैं यहां आया था। अगले दिन करतारपुर कॉरिडोर के लिए पंजाब के लिए निकलना था। उसी दिन राम मंदिर पर फैसला भी आना था। मैं मन ही मन में सीता माता से प्रार्थना कर रहा था कि फैसला राम मंदिर के पक्ष में आए। सीता मइया की धरती से मांगी प्रार्थना कभी खाली नहीं जाती। ऐसा ही हुआ सुप्रीम कोर्ट ने रामलला के पक्ष में ही फैसला दिया।’

PM की स्पीच की 5 बड़ी बातें

  • इशारों में राजीव गांधी का जिक्रः आजकल मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की बहुत चर्चा है। उनके खातों में हमने 10-10 हजार डाले। कल्पना कीजिए अगर महिलाओं के खाते ही नहीं खुलते तो क्या उन्हें ये पैसे मिल पाते। मोदी ने खाते खुलवाए, नीतीश जी ने पैसे डाले। अगर जंगलराज होता तो आपके हक का भी पैसा लूट लिया जाता। कांग्रेस के प्रधानमंत्री नामदार के पिता जी कहते थे दिल्ली से एक रुपए निकलता है तो गांव में जाते-जाते 15 पैसे हो जाते थे। ये कौन सा पंजा था जो एक रुपए के घिस-घिसकर 15 पैसे कर देता था। आज अगर पटना से 1 रुपए निकलता है तो पूरे 100 पैसे आपके खातों में पहुंचते हैं।
  • राहुल गांधी पर तंज: PM ने बिना नाम लिए राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, साथियों बिहार आज मछली दूसरे राज्यों को भेज रहा है। बड़े-बड़े लोग भी बिहार की मछलियां देखने आ रहे हैं। तालाब में डुबकियां लगा रहे हैं। बिहार के चुनाव में डूबने कोशिश कर रहे हैं।
  • छठ का अपमान करने वालों को मत भूलिएगा: कांग्रेस और RJD के लोग छठी मैया का अपमान कर रहे हैं। क्या ऐसा अपमान, बिहार, हिंदुस्तान और मेरी माताएं जो निर्जला उपवास करती हैं, वो सहन कर सकती हैं। क्या बिहार की माताएं-बहनें छठी मैया का ये अपमान बर्दाश्त करेंगी। मैं जानता हूं कि छठी मैया के इस अपमान को बिहार का कोई भी व्यक्ति नहीं भूलेगा।
  • बिहार में कट्टा वाली सरकार नहीं चाहिएः विकसित भारत के लिए बिहार का विकसित होना जरूरी है। RJD और कांग्रेस कभी भी बिहार को विकसित नहीं बना सकते हैं। बिहार को कट्टा वाली सरकार नहीं चाहिए। इन लोगों ने बिहार पर कई सालों तक राज किया। इन लोगों ने आपके साथ सिर्फ विश्वासघात किया है। जहां कट्टा, क्रूरता का राज हो, वहां कानून दम तोड़ देता है।
  • मोदी ने जो गारंटी दी वो पूरी कीः मोदी ने कहा था राम मंदिर बनेगा। आप बताइएगा मंदिर बना कि नहीं बना। मंदिर बना। देश को वादा किया था आर्टिकल 370 की दीवार गिरेगी। आप बताइए 370 हटा कि नहीं हटा। मोदी ने बिहार की इसी धरती से पहलगाम हमले की बात कही थी। ऑपरेशन सिंदूर में तबाह होते पाकिस्तान को भी आपने देखा है। मैंने बिहार की धरती से जो कहा वो किया है। मोदी ने वन रैंक वन पेंशन लागू करने की बात कही। आज ही इसे लागू हुए 11 साल हो गए हैं।
  • सीतामढ़ी के बाद PM बेतिया में सभा

    सीतामढ़ी में सभा के बाद प्रधानमंत्री पूर्वी चंपारण के बेतिया के लिए रवाना हो गए। यहां के चनपटिया प्रखंड के कुड़िया कोठी में सभा होगी। पीएम NDA कैंडिडेट्स के समर्थन में वोट की अपील करेंगे। इस दौरान वे पश्चिम चंपारण की 9 और पूर्वी चंपारण की 11 विधानसभाओं को साधने का प्रयास होगा।

    पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर, रामनगर, नरकटियागंज, बगहा, लौरिया, नौतन, चनपटिया, बेतिया और सिकटा विधानसभा के NDA प्रत्याशी मंच पर मौजूद रहेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.