मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में शुक्रवार शाम अज्ञात हमलावरों ने असम राइफल्स की गाड़ी पर हमला कर दिया। हमले में 2 जवान शहीद हो गए, जबकि 4 जवान घायल हुए हैं। घायलों को पुलिस और स्थानीय लोगों ने RIMS अस्पताल पहुंचाया।

घटना के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, घटना शाम करीब 6 बजे नम्बोल सबल लाइकाई इलाके में हुई, जब असम राइफल्स के जवान इम्फाल से बिष्णुपुर की ओर जा रहे थे। हमलावरों ने घात लगाकर वाहन पर अंधाधुंध गोलियां चलाई।
हमले के बाद की 3 तस्वीरें….



जवान ने बताया- अचानक हमले में संभलने का मौका नहीं मिला
एक घायल जवान ने बताया कि वे पटसोई से लौट रहे थे। जहां असम राइफल्स की दूसरी टीम ड्यूटी पर थी। तभी अचानक हमला हो गया। बाइक पर सवार हथियारबंद लोगों ने छिपकर अचानक हमला किया। हमें संभलने का मौका ही नहीं मिला। कई राउंड फायरिंग करने के बाद हमलावर भाग गए।
पूर्व मुख्यमंत्री बीरेन सिंह बोले- हमला हम सबके लिए बड़ा झटका
मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कहा- हमारे बहादुर जवानों पर घात लगाकर किए गए इस हमले की खबर से मैं गहराई से दुखी हूं। दो जवानों की शहादत और कई के घायल होने की खबर हम सबके लिए बड़ा झटका है।
उन्होंने कहा- शहीदों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना है। जवानों का साहस और बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा और इस घिनौने हमले के दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए।
11 सितंबर- PM के दौरे से 2 दिन पहले मणिपुर में हिंसा

पीएम मोदी के मणिपुर दौरे के दो दिन पहले भी राज्य में फिर हिंसा भड़की थी। 11 सितंबर की रात चुराचांदपुर में उपद्रवियों ने पीएम मोदी के स्वागत में लगे पोस्टर बैनर फाड़ दिए, बैरेकेडिंग गिरा दी और उनमें आग लगा दी थी।
यह घटना पीसोनमुन गांव में हुई, जो चुराचांदपुर पुलिस स्टेशन से लगभग 5 किलोमीटर दूर है। पुलिस ने उपद्रवियों को भगाया। लाठीचार्ज भी किया।
10 नवंबर – CRPF चौकी पर हमला करने पहुंचे 10 उग्रवादी मारे गए

मणिपुर के जिरिबाम जिले में 10 नवंबर 2024 को CRPF जवानों ने एनकाउंटर में 10 कुकी उग्रवादियों को मार गिराया था। इन उग्रवादियों ने यहां के पुलिस स्टेशन और CRPF चौकी पर हमला किया था। जवाबी कार्रवाई के दौरान CRPF का एक जवान घायल हुआ था।
14 जुलाई- मणिपुर में सुरक्षाबलों के काफिले पर हमला, CRPF जवान शहीद

मणिपुर के जिरीबाम में 14 जुलाई CRPF और पुलिस टीम के काफिले पर कुकी उग्रवादियों ने हमला कर दिया था। इसमें CRPF का एक जवान शहीद हो गया था। पुलिस का एक अधिकारी भी घायल हो गया था।
पुलिस ने बताया था कि मोंगबुंग में कुकी उग्रवादियों ने पहाड़ी इलाके से गोलीबारी की। गोली CRPF जवान अजय कुमार झा के सिर पर लगी। इसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थे।