PM मोदी ने पंजाब दौरे का VIDEO जारी किया:बोले- यह मत सोचना कोई हाथ पकड़ने वाला नहीं; किसान पेन देकर बोला- भाग्य लिख दो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार (9 सितंबर) को पंजाब और हिमाचल के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया था। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात करने के बाद पंजाब को 1600 करोड़ रुपए देने का ऐलान किया।

दौरे के बाद PM मोदी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह पंजाब के बाढ़ पीड़ितों से बात करते नजर आए। उन्होंने कहा-

QuoteImage

ऐसे समय में यह नहीं सोचना चाहिए कि कोई हाल पूछने या हाथ पकड़ने वाला नहीं है। केंद्र सरकार आपके साथ खड़ी है।

QuoteImage

बातचीत के दौरान एक बाढ़ पीड़ित किसान ने प्रधानमंत्री को पेन भी भेंट किया। उसने PM से कहा- आप इससे पंजाब का भाग्य लिख दीजिए।

एक बाढ़ पीड़ित प्रधानमंत्री मोदी को पेन भेंट करता हुआ। इसी दौरान उसे पीएम से पंजाब का भाग्य लिखने की बात कही।
एक बाढ़ पीड़ित प्रधानमंत्री मोदी को पेन भेंट करता हुआ। इसी दौरान उसे पीएम से पंजाब का भाग्य लिखने की बात कही।

PM मोदी के 1 मिनट 12 सेकेंड के वीडियो में क्या है, जानिए

  • केंद्र सरकार राज्य के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेगी: वीडियो की शुरुआत में प्रधानमंत्री मोदी हेलिकॉप्टर में बैठकर पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करते हुए दिखाई देते हैं। इस दौरान वह कहते हैं कि भारत सरकार पूरी तरह से राज्य के साथ है और हर संभव मदद करने के लिए तैयार है।
  • 1600 करोड़ रुपए पंजाब को दिए जाएंगे: वीडियो में अगला सीन एक मीटिंग का है। इसमें प्रधानमंत्री कहते हैं कि 1600 करोड़ रुपए पंजाब को दिए जाएंगे, ताकि वे जल्द जरूरी काम कर सकें। वह यह भी कहते हैं कि भारत सरकार अपनी योजनाओं के माध्यम से हर संभव सहायता प्राथमिकता के आधार पर प्रदान करेगी। इस सीन में NDRF के अधिकारी और जवान भी बैठे दिखते हैं।
  • पीछे बैठे बाढ़ पीड़ितों से बोले- आगे आइए: तीसरा सीन बाढ़ प्रभावित किसानों से मुलाकात का है। बाढ़ पीड़ितों को थोड़ा पीछे बैठाया गया था। उनके पास पहुंचते ही प्रधानमंत्री कहते हैं, “पास में आ जाइए, मैं आपके लिए ही आया हूं।” तभी एक बाढ़ पीड़ित किसान खड़ा होकर कहता है, “जैसे कुल दुनिया का मालिक परमात्मा है, वैसे आप इंडिया के मालिक हो।”
  • PM को पेन भेंट कर कहा- लेख लिख दो: किसान प्रधानमंत्री को एक पेन भेंट करते हुए कहता है, “यह एक छोटी सी चीज आपको भेंट कर रहा हूं। इससे पंजाब का लेख (भाग्य) लिख दो।” प्रधानमंत्री पेन पकड़ते हुए कहते हैं, “यह आपका प्यार है भाई।” इसके साथ ही पंजाब भाजपा के प्रधान सुनील जाखड़ प्रधानमंत्री को धान की खराब हुई फसल दिखाते हुए नजर आते हैं।
  • ऐसे समय में सरकार की जरूरत होती है: पांचवें सीन में प्रधानमंत्री कहते हैं, “किसी भी नागरिक को यह नहीं लगना चाहिए कि मेरा कोई पूछने वाला नहीं है, मेरा कोई हाथ पकड़ने वाला नहीं है। ऐसा ही समय होता है जब लोगों को सरकार की जरूरत होती है। इसलिए बड़ी संवेदनशीलता के साथ सिस्टम में काम करना चाहिए।”
बाढ़ पीड़ित की बात सुनने के बाद हाथ जोड़कर अभिवादन करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।
बाढ़ पीड़ित की बात सुनने के बाद हाथ जोड़कर अभिवादन करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।

19 बाढ़ पीड़ितों से मिले थे PM मंगलवार को गुरदासपुर में दौरे के दौरान PM मोदी ने हेलिकॉप्टर से बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा किया। इसके बाद उन्होंने 19 ऐसे किसानों से मुलाकात की थी, जिनकी फसलों का बाढ़ से नुकसान हुआ है। इसके बाद बचाव कार्य में लगे NDRF और SDRF के जवानों से भी मुलाकात की। फिर पंजाब सरकार के अधिकारियों व मंत्रियों से मीटिंग की। आखिर में पंजाब के लिए 1600 करोड़ रुपए देने का ऐलान किया। उन्होंने यह भी कहा कि हर व्यक्ति की हर संभव मदद की जाएगी।

1988 के बाद पहली बार ऐसी भयंकर बाढ़ पंजाब में 1988 में भयंकर बाढ़ आई थी। अब 2025 में ऐसी ही त्रासदी से लोग प्रभावित हुए हैं। राज्य के सभी 23 जिले इसकी चपेट में हैं। राज्य सरकार ने इसे आपदा घोषित किया हुआ है। पंजाब सरकार ने किसानों को फसलों के नुकसान पर 20 हजार प्रति एकड़ देने का ऐलान किया है। साथ ही मृतकों के परिवारों को 4 लाख रुपए दिए जाएंगे। जो रेत खेतों में बहकर आई है, उसे किसानों को उठाने की मंजूरी दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.