भाजपा सांसद का नोटिस-राहुल की सदस्यता खत्म हो:कहा- वे देश को गुमराह कर रहे; रिजिजू ने स्पीकर चैंबर में हंगामे का VIDEO जारी किया

0 50

बजट पर चर्चा के दौरान गुरुवार को लोकसभा में प्रश्नकाल हंगामे के कारण नहीं चल सका। 11 बजे सदन शुरू होते ही विपक्ष ने हंगामा कर दिया। सांसद प्ले कार्ड और पोस्टर लेकर वेल में पहुंच गए। नारेबाजी भी होती रही।

स्पीकर चेयर पर मौजूद केपी तेन्नेटी ने 7 मिनट के बाद ही सदन को स्थगित कर दिया। दोपहर 12 बजे लोकसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई। उधर, पीएम मोदी आज राज्यसभा में पहुंचे थे।

इधर, BJP सांसद निशिकांत दुबे ने गुरुवार को राहुल गांधी के खिलाफ लोकसभा में सब्सटेंसिव मोशन पेश किया है। राहुल पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाया है। दुबे ने राहुल की संसद सदस्यता खत्म करने और चुनाव लड़ने लाइफटाइम बैन लगाने की मांग की है।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, देश में राहुल गांधी से बड़ा कोई झूठा नहीं है। वह देश में सिविल वॉर शुरू करना चाहते हैं, वह सच के मंदिर में झूठ बोलते हैं। PM मोदी के राज में किसानों के साथ कभी नाइंसाफी नहीं हो सकती। जब कृषि मंत्री और वाणिज्य मंत्री भी यही भरोसा दिला रहे हैं, तो आपके पास ऐसा क्या है जिसके आधार पर आप गलत जानकारी फैला रहे हैं? जब चीन, कंबोडिया और बरेली से जुड़ी आपकी फाइलें खुलेंगी, तो आपको पता चल जाएगा। भारत की जनता आपको पहचान चुकी है और आप दोबारा कभी सत्ता में नहीं आएंगे

 

सब्सटेंसिव मोशन वह प्रपोजल है, जिस पर सदन सीधे चर्चा करके फैसला ले सकता है। इस मोशन में स्पष्ट रूप से लिखा होता है कि सदन किसी मुद्दे पर क्या फैसला ले।

न्यूज एजेंसी IANS ने सूत्रों के हवाले से लिखा है कि सरकार लोकसभा में राहुल गांधी के खिलाफ प्रिविलेज मोशन नहीं लाएगी। हालांकि, 11 फरवरी के उनके भाषण के कुछ हिस्से हटा दिए जाएंगे।

यह वीडियो 4 फरवरी को ओम बिरला के चैंबर में किए गए हंगामे का है। जिसमें पक्ष-विपक्ष के सांसद नजर आ रहे हैं।
यह वीडियो 4 फरवरी को ओम बिरला के चैंबर में किए गए हंगामे का है। जिसमें पक्ष-विपक्ष के सांसद नजर आ रहे हैं।

इससे पहले, संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने X पर एक वीडियो पोस्ट किया है। जिसमें 4 फरवरी को लोकसभा स्पीकर के चैंबर में हंगामे का जिक्र है। रिजिजू ने दावा किया है कि विपक्षी सांसदों ने प्रियंका गांधी की मौजूदगी में गालियां दीं।

हालांकि प्रियंका गांधी ने कहा कि गालियां देने वाली बात झूठी है। उन्होंने किसी को नहीं उकसाया। वे चुपचाप थीं। आखिर में केवल शांति से अपनी बात रखी थी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को लोकसभा में केंद्रीय बजट पर चर्चा के दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के जवाब की तारीफ की। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री ने इस साल के बजट से देश के आर्थिक बदलाव में कैसे योगदान मिलेगा, इसकी पूरी तस्वीर दी है।

कांग्रेस MP केसी वेणुगोपाल ने कहा, हमने स्पीकर के खिलाफ नो-कॉन्फिडेंस मोशन लाने के लिए बहुत ज्यादा कोशिश की। सरकार चेयर पर पूरी तरह से दबाव डाल रही है कि विपक्ष के सदस्यों को बोलने का मौका न दिया जाए। राहुल जी जो भी कहते हैं, उसे रिकॉर्ड से पूरी तरह हटा दिया जाता है। यह पार्लियामेंट सरकार के लिए चल रही है, विपक्ष के लिए नहीं। सरकार के राहुल गांधी के खिलाफ प्रिविलेज मोशन लाने पर उन्होंने कहा, राहुल गांधी ने कौन सा प्रिविलेज तोड़ा है? पिछली बार उन्होंने उनकी मेंबरशिप खत्म कर दी थी। उसके बाद जो हुआ वह यह था कि लोगों ने उन्हें ज्यादा वोट दिए। अगर आप हमें फांसी देना चाहते हैं, तो हम उसके लिए भी तैयार हैं। हम किसी भी मोशन से नहीं डरते, हम पार्लियामेंट में सच बोलते रहेंगे।

लोकसभा LoP राहुल गांधी पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, राहुल गांधी झूठ का पुलिंदा हैं। वह पूरी तरह से गलत जानकारी फैलाते हैं। मैं यह साफ करना चाहता हूं कि US-इंडिया ट्रेड डील में भारत के हितों और भारतीय किसानों के हितों की पूरी तरह से रक्षा की गई है। भारतीय किसानों के ज़्यादातर प्रोडक्ट, हमारी डेयरी, पोल्ट्री, चावल, गेहूं, सोयाबीन और मक्का, केला, स्ट्रॉबेरी, चेरी, संतरा, सब्जियां, इथेनॉल, तंबाकू, मीट, दालें, बाजरा, रागी- किसानों का लगभग 90-95% प्रोडक्ट US ट्रेड डील से बाहर है और जो भारत की ज़रूरत है, जिसे हम आज भी इंपोर्ट करते हैं, जिससे हमारे देश के किसानों को कोई नुकसान नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि हमने ऐसी चीजों को अमेरिका के लिए सोची-समझी रणनीति के तहत सोच-समझकर खोला है। एक तरह से किसानों के हितों में एक बहुत अच्छी US ट्रेड डील हुई है, लेकिन राहुल गांधी पार्लियामेंट में बैठकर इसके बारे में झूठ बोलते हैं और इसे ऑथेंटिकेट भी नहीं करते।

गोयल ने कहा कि मैं उनकी निंदा करता हूं, राहुल गांधी, कांग्रेस पार्टी और उनके दूसरे साथी, चाहे वह DMK, समाजवादी पार्टी, TMC या कम्युनिस्ट पार्टी, ये सभी विकास के खिलाफ हैं। वे देश को तेजी से आगे बढ़ते हुए नहीं देख सकते। वे यह नहीं देख सकते कि मोदी के नेतृत्व में किसानों की आय बढ़ रही है।

संसद के बाहर मीडिया से बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा, “क्या आज के लिए यही कोड वर्ड है? मुझे पहले से कोड वर्ड बता दो। कल यह ‘ऑथेंटिकेट’ था, और आज यह ‘प्रिविलेज मोशन’ है।”

उन्होंने कहा- क्या आप पूरी तरह से BJP के लिए काम नहीं करें, कम से कम थोड़ा ऑब्जेक्टिव काम करने की कोशिश तो करो, यह सच में शर्मनाक हो जाता है। यह बहुत ज्यादा है। आप जिम्मेदार लोग हैं। मीडिया के लोग हैं; आपकी जिम्मेदारी है कि आप ऑब्जेक्टिव रहें। आप बस उनकी दी हुई बात पर भरोसा नहीं कर सकते। हर दिन, अपना पूरा शो उसी पर चलाते हैं। आप इस देश के साथ अन्याय कर रहे हैं।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.