25 साल में 10वीं बार CM की शपथ लेंगे नीतीश:रामकृपाल यादव, श्रेयसी सिंह, कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश बनेंगे मंत्री; प्रेम कुमार होंगे स्पीकर

0 98,935

नीतीश कुमार आज यानी गुरुवार को 11.30 बजे 10वीं बार बिहार में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इसके लिए गांधी मैदान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया है। शपथ ग्रहण समारोह में PM मोदी समेत 11 राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।

डिप्टी सीएम के रूप में सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा शपथ लेंगे। कुल 18 मंत्रियों के शपथ लेने की बात लगभग तय है। इसमें मुख्यमंत्री समेत जदयू के 7, भाजपा के 8 और लोजपा (आर), रालोमो और हम के 1-1 मंत्री हो सकते हैं।

PM मोदी सुबह 10.45 बजे हेलिकॉप्टर से सीधे गांधी मैदान पहुंचेंगे। इसके बाद 11 बजे से समारोह शुरू हो जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई बड़े भाजपा नेता मौजूद रहेंगे। गांधी मैदान की सुरक्षा SPG के हाथों में है।

दानापुर से बाहुबली को हराकर विधायक बने बीजेपी के रामकृपाल यादव और जमुई विधायक श्रेयसी सिंह को फोन आया है। दोनों का मंत्री बनना लगभग तय है। वहीं उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश का मंत्री बनना फाइनल है। विधानसभा अध्यक्ष का पद बीेजेपी के खाते में गया है। डॉ. प्रेम कुमार स्पीकर होंगे।

बुधवार को एनडीए विधानमंडल दल के नेता चुने गए थे नीतीश

बुधवार की सुबह 11 बजे पटना के बीजेपी ऑफिस में विधायक दल की बैठक हुई। इसमें सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना गया है। विजय सिन्हा को विधानमंडल का उपनेता चुना गया। यानी अब ये तय हो गया है कि सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा ही नई सरकार में डिप्टी CM होंगे।

इधर, बीजेपी के विधायक दल की बैठक से पहले JDU के विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें नीतीश कुमार को नेता चुना गया। इसके बाद बिहार विधानसभा के सेंट्रल हॉल में नीतीश कुमार को NDA विधायक दल का नेता चुना गया।

बैठक खत्म होते ही मुख्यमंत्री राजभवन पहुंचे और राज्यपाल मो. आरिफ खान को इस्तीफा सौंपा और साथ ही नई सरकार बनाने का दावा पेश किया।

विधायकों को आने लगे कॉल

जदयू कोटे से मंत्री बनने के लिए विधायकों को फोन आने लगे हैं। पार्टी के सीनियर लीडर और सीएम के करीबी विजय चौधरी, लेसी सिंह, श्रवण कुमार, जमा खान, अशोक चौधरी और बिजेंद्र यादव को कॉल आया है।

NDA का शक्ति प्रदर्शन, 3 लाख लोगों के जुटने की संभावना

शपथ ग्रहण समारोह में NDA की ओर शक्ति प्रदर्शन भी होगा। 3 लाख से अधिक लोगों के जुटने की संभावना है। इसको लेकर जदयू, बीजेपी, रालोमो और हम के कार्यकर्ताओं और नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। हर विधायक को 5-5 हजार लोगों को पटना लाना है।

राजभवन में PM के सम्मान में भोज होगा। यहां नरेंद्र मोदी के साथ 150 खास मेहमान रहेंगे। ताज, मौर्या, चाणक्या जैसे होटलों में 260 कमरे बुक कराए गए हैं। गांधी मैदान के आसपास के सभी स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे।

मनोज तिवारी ने कहा, ऐतिहासिक क्षण है। सबको को बधाई। बिहार को धन्यवाद है। 10वीं बार नीतीश जी आज शपथ लेंगे। बिहार ने स्पष्ट किया है कि जो विकास करेगा उसी के साथ बिहार रहेगा। पूरी दुनिया में बिहार ने संदेश दिया है। गुंडागर्दी नहीं बल्कि जो जनता के लिए हितैषी होंगे उसको बिहार चुनेगा।

तेजस्वी के शपथ ग्रहण में आने के सवाल पर कहा, उन्हें आना चाहिए। राजनीति में हार-जीत से अलग होकर जनता के लिए बने रहना चाहिए।

ये बड़े नेता आएंगे…

शपथ ग्रहण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल होंगे। इसके साथ ही 16 राज्यों के मुख्यमंत्री समारोह में मौजूद रहेंगे।

इनमें यूपी के योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मोहन यादव, उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी, आंध्र प्रदेश के चंद्रबाबू नायडू, राजस्थान के भजनलाल शर्मा, महाराष्ट्र के देवेंद्र फडनवीस, मेघालय के कॉनराड संगमा, उड़ीसा के मोहन चरण मांझी, गुजरात के भूपेंद्र पटेल, गोवा के प्रमोद सावंत, दिल्ली की रेखा गुप्ता, हरियाणा के नायब सिंह सैनी, असम के हिमंत बिस्वा सरमा, अरुणाचल प्रदेश के पेमा खांडू, त्रिपुरा के माणिक साहा और मणिपुर के एन. बीरेन सिंह शामिल हैं।

योगी आदित्यनाथ समेत कई राज्यों के CM होंगे शामिल

शपथ समरोह के लिए NDA शासित राज्यों के CM को न्योता भेजा गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को भी बुलाया गया है। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, दिल्ली की CM रेखा गुप्ता, उत्तराखंड के CM पुष्कर सिंह धामी, मध्यप्रदेश के CM मोहन यादव, राजस्थान के CM भजन लाल शर्मा, महाराष्ट्र के CM देवेंद्र फडणवीस सहित भाजपा और NDA शासित राज्यों के CM और डिप्टी CM को निमंत्रण भेजा गया है।

कार्यक्रम में पद्मभूषण, पद्मश्री सम्मान पाने वाले लोगों, वैज्ञानिकों, साहित्यकारों सहित अन्य खास लोगों को इनवाइट किया गया है।

गेट नंबर-1 से VVIP गेस्ट की एंट्री

गांधी मैदान में एंट्री के लिए 13 गेट हैं। गेट नंबर वन सिर्फ VVIP गेस्ट के लिए है। इस गेट से वे लोग ही गांधी मैदान जाएंगे, जिन्हें मुख्य मंच पर बैठना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सीएम नीतीश कुमार, राज्यपाल, मंत्री पद की शपथ लेने वाले विधायक और विभिन्न राज्यों के सीएम जैसे VVIP की एंट्री इसी गेट से होगी। आम लोगों को दूसरे गेट से गांधी मैदान में प्रवेश मिलेगा।

गांधी मैदान में 2 मंच, मुख्य मंच पर सीएम लेंगे शपथ

शपथ ग्रहण समारोह के लिए गांधी मैदान में दो मंच बनाए गए हैं। मुख्य मंच पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शपथ लेंगे। इसी मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा और NDA के शासन वाले राज्यों के सीएम बैठेंगे। इसी मंच पर शपथ लेने वाले मंत्री भी बैठेंगे।

मुख्य मंच के ठीक बगल में दूसरा मंच बनाया गया है। इसपर शपथ समारोह के लिए बुलाए गए खास लोगों को बैठने का इंतजाम किया गया है। मंच के आसपास बैरिकेडिंग की गई है। विशेष अतिथियों के लिए अलग रास्ता है। दोनों मंच पर 150 लोग बैठेंगे।

सुबह से ही बदली रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था

आज सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक पटना का ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी। इमरजेंसी वाहनों को छोड़कर अन्य दूसरे वाहनों को गांधी मैदान के इलाके में प्रतिबंधित कर दिया गया है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से अभी से ही गांधी मैदान की ओर आने वाली एक लेन में बैरिकेडिंग कर दी गई है।

प्रधानमंत्री के सम्मान में राज भवन में भोज

पीएम नरेंद्र मोदी के सम्मान में राज भवन में भोज का आयोजन किया गया है। खाने में कम तेल-मसाला हो इसका विशेष ध्यान रखा गया है। लिट्टी चोखा पर पुदीना की चटनी मिलेगी। पीएम के लिए खासतौर पर हरी सब्जी और सलाद का इंतजाम किया गया है।

भोज में सिलाव का खाजा, पंतूआ जैसे बिहारी व्यंजन परोसे जाएंगे। इस भोज में पीएम के साथ 150 खास मेहमान होंगे। केंद्रीय मंत्री, विभिन्न राज्यों के सीएम, बड़े नेता और चुनाव जीतकर आए विधायकों को न्योता दिया गया है।

3 होटलों में ठहरेंगे शपथ समारोह में बुलाए गए गेस्ट

शपथ समारोह में बुलाए गए मेहमानों को ठहराने के लिए स्टेट गेस्ट हाउस में व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पटना सर्किट हाउस को भी तैयार रखा गया है। NDA के 202 विधायक चुनाव जीतकर आए हैं।

इसके साथ ही कई राज्यों के सीएम आने वाले हैं। उन्हें ठहराने के लिए ताज, मौर्या, चाणक्या जैसे आलीशान होटल में 250 कमरे बुक कराए गए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.