PM मोदी बोले- मुझे NDA की जीत पर संदेह नहीं:छठी मइया का अपमान करने वालों की जमानत जब्त होगी, महिला बोली- 2025 में 225 सीटें जीतेंगे

0 92

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के तहत बिहार की महिला कार्यकर्ताओं से संवाद किया। पीएम से बात करते हुए एक महिला ने कहा, ‘बिहार में चुनाव है। लोकतंत्र के इस पर्व को लेकर महिलाओं में काफी उत्साह है।’

https://x.com/narendramodi/status/1985648349819613650?t=qhptpLTBvAP8KRB-QjVD8g&s=19

इस पर पीएम मोदी ने कहा, ‘मैंने इस चुनाव को बेहद करीब से देखा है और एक बात मैं कह सकता हूं कि NDA इस चुनाव में भारी बहुमत से जीत रही है। मुझे NDA की जीत पर कोई संदेह नहीं है।’

महिला संवाद के दौरान पीएम मोदी ने छठी मइया का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘इस चुनाव में ऐसी विजय दीजिए कि जिन्होंने छठी मइया का अपमान किया है, बिहार को जिन्होंने जंगलराज में रखा था, उनकी जमानत जब्त होनी चाहिए।’

इसी दौरान एक महिला ने कहा, ‘हम विश्वास दिलाते हैं कि इस बार के चुनाव में बिहार रिकॉर्ड तोड़ेगा। 2025 के चुनाव में NDA को 225 सीटें आएंगी।’ इस पर मोदी हंसने लगते हैं।

पीएम बोले- जुलूस निकालकर लोगों को मतदान के लिए ले जाइए

उन्होंने कहा, ‘बिहार में NDA नेताओं की रैलियां रोज रिकॉर्ड तोड़ रही हैं। सभा मंडल बहनों- बेटियों के नारों से गूंज उठता है। बिहार की महिला कार्यकर्ता मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम के तहत बहुत अच्छा काम कर रही हैं। मैंने आज सोचा कि सीधे आप से बात कर के चीजों को समझने की कोशिश करता हूं।’

बेगूसराय से महिला मोर्चा की अध्यक्ष डॉक्टर रेखा ने बताया, ‘मैं होम्योपैथ डॉक्टर हूं। महिलाओं और पुरुषों में बहुत उत्साह है। महिलाएं इस बार पुरुषों से ज्यादा मतदान करेंगी।’

महिलाएं कहती हैं- ‘डबल इंजन की सरकार ने हमारा जीवन बदल दिया है। मैंने बहुत महिलाओं से मुलाकात की है। वो हमारी योजनाओं के बारे में बताती हैं।’

भाजपा की महिला कार्यकर्ता शानदार काम कर रही हैं

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘इस चुनाव में मुझे जहां-जहां जाने का मौका मिला और जब जब कार्यकर्ताओं से बात करने का अवसर मिला, मैंने देखा इस बार बिहार का कार्यकर्ता जी-जीन से जुटा हुआ है।

आप सभी बहुत परिश्रम कर रहे हैं। हर रैली पहले वाली रैली का रिकॉर्ड तोड़ रही है और उसमें भी हमारी बहनें-बेटियां बहुत बड़ी संख्या में आ रही हैं।’

उन्होंने कहा, ‘बिहार भाजपा की महिला कार्यकर्ताएं ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ संकल्प के साथ बहुत शानदार काम रही हैं।’

इस बार पिछले 20 साल का रिकॉर्ड तोड़ेंगे

पीएम ने कहा, ‘इस चुनाव में ये पक्का हो चुका है कि NDA की भारी बहुमत से विजय हो रही है। आज बिहार में जो विकास हो रहा है, वो गरीब, दलित, महादलित, पिछड़ा, अति-पिछड़ा, सभी के मन में बस गया है।

बिहार के लोग मन बना चुके हैं कि इस बार NDA की जीत, पिछले 20 साल का रिकॉर्ड तोड़ देगी। वही जंगलराज वालों को अब तक की सबसे करारी हार मिलेगी। बिहार का विकास एनडीए ही कर सकती है।’

महिलाओं के लिए NDA सरकार के बड़े ऐलान

1. ‘महिला रोजगार योजना’ के तहत 10 हजार दे रही सरकार: 29 अगस्त को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ‘महिला रोजगार योजना’ का ऐलान किया था। इसमें 18 से 60 साल की बिहार की महिलाओं को दो लाख रुपए दिए जाएंगे, जिससे वो अपना बिजनेस शुरू कर सकें। आवेदन करने वाली महिलाओं को पहले 10-10 हजार रुपए दिए जा रहे हैं। फिर उनके बिजनेस का एनालिसिस किया जाएगा। इसके बाद ही उन्हें 2 लाख रुपए का दिए जाएंगे। 1 करोड़ से ज्यादा महिलाओं के खातों में 10-10 हजार रुपए डाले जा चुके हैं।

2. महिलाओं के रिजर्वेशन में डोमिसाइल नीति लागूः 8 जुलाई को नीतीश कैबिनेट ने सरकारी नौकरियों में बिहार की महिलाओं के लिए डोमिसाइल नीति लागू की है। इसके तहत बिहार की महिलाओं के लिए 35% सीटें रिजर्व की हैं। यानी अगर 100 सीट हैं, तो उसमें 35 सीटें बिहार की महिलाओं के लिए होंगी। अब दूसरे राज्य की महिलाओं को आरक्षण नहीं मिलेगा। उन्हें सामान्य श्रेणी में ही आवेदन करना होगा।

3. जीविका दीदियों के लोन का ब्याज घटाया, सैलरी दोगुनी हुईः 21 जून 2025 को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जीविका दीदियों और कर्मचारियों से जुड़े 2 बड़े फैसले किए।

पहला- स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी जीविका दीदियों को 3 लाख से ज्यादा के बैंक लोन पर 3% कम ब्याज देना होगा। यानी उन्हें अब सिर्फ 7% ब्याज देना होगा। पहले ये 10% था।

दूसरा- जीविका स्वयं सहायता समूह के सभी 1.40 लाख कर्मचारियों की सैलरी दोगुनी कर दी गई। अब ब्लॉक कर्मचारियों को हर महीने 50 हजार और गांव के कर्मचारियों को 25 हजार रुपए तक सैलरी मिलेगी।

4. आशा-ममता कार्यकर्ताओं का वेतन बढ़ाः 30 जुलाई को सरकार ने आशा और ममता कार्यकर्ताओं की सैलरी में बढ़ोतरी का ऐलान किया। अब ‘आशा’ को 1 हजार की बजाए 3 हजार मासिक और ‘ममता’ को प्रति प्रसव पर 300 की जगह 600 रुपए मिलेंगे। इससे 95 हजार ‘आशा’ और 4600 ‘ममता’ कार्यकर्ताओं को फायदा होगा।

5. बुजुर्ग और विधवा पेंशन बढ़ाई: नीतीश सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि 400 रुपए प्रति महीने से बढ़ाकर 1,100 प्रति माह कर दी है। इससे विधवा महिलाओं, वृद्वजनों और दिव्यांगों को फायदा होगा।

6. बजट में भी महिलाओं के लिए कई ऐलान: मार्च में पेश बजट में बिहार सरकार ने महिलाओं को सबसे ज्यादा साधने की कोशिश की थी। उनकी छोटी–छोटी जरूरतों का ध्यान रखा था। जैसे- पिंक टॉयलेट, पिंक बस, जिम ऑन व्हील्स, महिला हाट, गरीब कन्याओं के विवाह के लिए कन्या मंडप, गर्ल्स हॉस्टल, महिलाओं को ई–रिक्शा की खरीदारी पर सब्सिडी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.