प. बंगाल के दार्जिलिंग में पुल ढहा, 6 की मौत:अरब सागर में उठा चक्रवात शक्ति; गुजरात-महाराष्ट्र में तेज बारिश का अलर्ट
पश्चिम बंगाल में तेज बारिश के बाद दार्जिलिंग के मिरिक में एक पुल ढह गया। जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई। आसपास के पहाड़ी इलाकों में भी लैंडस्लाइड की खबर है।
उधर मानसून के बाद अरब सागर में उठा पहला चक्रवात शक्ति गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है। मौसम विभाग ने शनिवार को बताया कि यह तूफान गुजरात के द्वारका से 420 किमी दूर समुद्र में एक्टिव है। इसकी वजह से 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं।
अगले 24 घंटे में यह पश्चिम-दक्षिण पश्चिम की ओर बढ़ेगा और अरब सागर के उत्तर-पश्चिम और मध्य हिस्सों तक पहुंचेगा। सोमवार से पूर्वोत्तर की ओर जाने और कमजोर पड़ने की संभावना है।
तूफान के असर से गुजरात, उत्तर महाराष्ट्र में समुद्र उफान पर है। महाराष्ट्र में भी तूफान शक्ति का असर दिखने लगा है। मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के लिए चक्रवात की चेतावनी जारी की गई है। 7 अक्टूबर तक उत्तरी कोंकण के तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी भारी बारिश हो सकती है।
दार्जिलिंग हादसे की 3 तस्वीरें…



शक्ति के असर से रविवार तक गुजरात, उत्तरी महाराष्ट्र तट और पाकिस्तान तट पर समुद्र में उथल-पुथल का अनुमान है। हालांकि, धीरे-धीरे इसका असर कमजोर पड़ने की संभावना है। गुजरात और उत्तरी महाराष्ट्र में 7 अक्टूबर तक ऊंची समुद्री लहरें, तेज हवाएं और भारी बारिश हो सकती है।
महाराष्ट्र में अधिकारियों को नागरिकों की सुरक्षा का निर्देश
IMD ने महाराष्ट्र के कई जिलों में 7 अक्टूबर तक भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई की है। गोवा के निचले इलाकों में बाढ़ आने की संभावना है। महाराष्ट्र सरकार ने साइक्लोन शक्ति को लेकर अधिकारियों के लिए निर्देश जारी किए हैं।
जिला प्रशासन को डिजास्टर मैनेजमेंट सिस्टम एक्टिव करने, तटीय और निचले इलाकों में नागरिकों को निकालने की प्लानिंग और उनके लिए एडवाइजरी जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। मछुआरों को 7 अक्टूबर तक गुजरात और महाराष्ट्र में तटों पर अरब सागर में नहीं जाने की चेतावनी है।
राज्यों में मौसम का हाल…
MP से 10 अक्टूबर तक विदा होगा मानसून: अगले 3 दिन तक बूंदाबांदी

मध्य प्रदेश के 12 जिलों से मानसून विदा हो चुका है। बाकी के जिलों से 10 अक्टूबर तक मानसून के लौटने की संभावना है। इससे पहले कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश का दौर बना रहेगा। अगले 3 दिन बूंदाबांदी होने का अनुमान है। एक सिस्टम स्ट्रॉन्ग रहा तो तेज बारिश के आसार भी हैं।
राजस्थान में आंधी-बारिश के साथ ओले गिरने का अलर्ट: जयपुर संभाग में भारी बारिश की चेतावनी

राजस्थान में आज (रविवार) से तेज बारिश का दौर शुरू होगा। राज्य के कई जिलों में भारी बारिश के साथ ओले गिरने और तेज आंधी चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के एक्टिव होने की वजह से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है।