IPL के शुरुआती 20 मैच का शेड्यूल जारी:28 मार्च को बेंगलुरु में RCB-SRH का ओपनिंग मैच, विक्ट्री परेड में यहीं भगदड़ मची थी
IPL 2026 के शुरुआती 20 मैचों का शेड्यूल बुधवार को जारी कर दिया गया है। ओपनिंग मैच 28 मार्च को डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला जाएगा।
यह मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगा। इसी मैदान में पिछले साल 4 जून को RCB के पहले टाइटल जीतने के बाद हुई विक्ट्री परेड के दौरान भगदड़ मच गई थी और इसमें 11 लोगों की मौत हो गई थी।
हालांकि, एम चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु के मैच कर्नाटक सरकार की एक्सपर्ट कमेटी से मंज़ूरी के बाद ही होंगे। एक्सपर्ट कमेटी 13 मार्च 2026 को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम का निरीक्षण करेगी।

16 दिन में 4 डबल हेडर होंगे
IPL 2026 के पहले फेज में 16 दिन में 20 मैच खेले जाएंगे। इनमें 4 डबल हेडर शामिल हैं। 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) 29 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ अपने होम ग्राउंड वानखेड़े स्टेडियम में अपना पहला मैच खेलेगी।
वहीं चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ गुवाहाटी में अपने अभियान की शुरुआत करेगी। ऋतुराज गायकवाड की कप्तानी वाली CSK में संजू सैमसन पहली बार खेलते दिखेंगे। वे टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे।
दूसरे फेज का शेड्यूल चुनाव तारीखों के ऐलान के बाद जारी होगा
IPL के दूसरे फेज का शेड्यूल 5 राज्यों में होने वाले चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद जारी किया जाएगा। 2008 में IPL शुरू होने के बाद जब भी देश में आम चुनाव (2009, 2014, 2019 और 2024) या किसी राज्य में विधानसभा चुनाव हुए हैं, तब टूर्नामेंट का शेड्यूल दो हिस्सों में जारी किया गया है।
2 दिन टली ओपनिंग
देश के 5 राज्यों में चुनाव के कारण IPL के ओपनिंग मैच को 2 दिन बढ़ाया गया है। पहले लीग की शुरुआत 26 मार्च को होनी थी, लेकिन अब लीग 28 मार्च को होगी। विधानसभा चुनाव वाले राज्यों में 4 ऐसे प्रमुख स्टेडियम हैं। जहां IPL के मैच होने हैं।
तमिलनाडु के चेन्नई स्थित एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) चेन्नई सुपर किंग्स का होम ग्राउंड है। पश्चिम बंगाल के कोलकाता में स्थित ईडन गार्डन्स कोलकाता नाइट राइडर्स का घरेलू मैदान है, जबकि असम के गुवाहाटी में बना बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम राजस्थान रॉयल्स का सेकेंड होम वेन्यू रहा है।
RCB ने जीता था पिछले सीजन का खिताब
बेंगलुरु की टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) डिफेंडिंग चैंपियन है, इसलिए परंपरा के अनुसार टूर्नामेंट का ओपनिंग मैच, क्वालिफायर-2 और फाइनल मुकाबला उसी के होमग्राउंड एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में रखा गया है। RCB ने पिछले सीजन के फाइनल में पंजाब किंग्स को 6 रन से हराकर पहली बार IPL खिताब जीता था।

आईपीएल 2026 वेन्यू
- बेंगलुरु – एम चिन्नास्वामी स्टेडियम
- अहमदाबाद – नरेंद्र मोदी स्टेडियम
- गुवाहाटी – एसीए स्टेडियम
- कोलकाता – ईडन गार्डंस
- चेन्नई – एमए चिदम्बरम स्टेडियम
- लखनऊ – इकाना स्टेडियम
- दिल्ली – अरुण जेटली स्टेडियम
- हैदराबाद – राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम
- मुंबई – वानखेड़े स्टेडियम
- मुल्लांपुर – न्यू पीसीए स्टेडियम
विक्ट्री परेड में 11 लोगों की जान गई थी
4 जून 2025 को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में RCB की IPL जीत का जश्न मनाते समय भारी भीड़ के कारण मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई और 33 से अधिक लोग घायल हो गए।
| तारीख | मैच | समय | वेन्यू |
|---|---|---|---|
| 28 मार्च, शनिवार | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम सनराइजर्स हैदराबाद | शाम 7:30 बजे | बेंगलुरु* |
| 29 मार्च, रविवार | मुंबई इंडियंस बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स | शाम 7:30 बजे | मुंबई |
| 30 मार्च, सोमवार | राजस्थान रॉयल्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स | शाम 7:30 बजे | गुवाहाटी |
| 31 मार्च, मंगलवार | पंजाब किंग्स बनाम गुजरात टाइटंस | शाम 7:30 बजे | मुल्लांपुर |
| 1 अप्रैल, बुधवार | लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स | शाम 7:30 बजे | लखनऊ |
| 2 अप्रैल, गुरुवार | कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद | शाम 7:30 बजे | कोलकाता |
| 3 अप्रैल, शुक्रवार | चेन्नई सुपर किंग्स बनाम पंजाब किंग्स | शाम 7:30 बजे | चेन्नई |
| 4 अप्रैल, शनिवार | दिल्ली कैपिटल्स बनाम मुंबई इंडियंस | दोपहर 3:30 बजे | दिल्ली |
| 4 अप्रैल, शनिवार | गुजरात टाइटन्स बनाम राजस्थान रॉयल्स | शाम 7:30 बजे | अहमदाबाद |
| 5 अप्रैल, रविवार | सनराइजर्स हैदराबाद बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स | दोपहर 3:30 बजे | हैदराबाद |
| 5 अप्रैल, रविवार | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम चेन्नई सुपर किंग्स | शाम 7:30 बजे | बेंगलुरु |
| 6 अप्रैल, सोमवार | कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम पंजाब किंग्स | शाम 7:30 बजे | कोलकाता |
| 7 अप्रैल, मंगलवार | राजस्थान रॉयल्स बनाम मुंबई इंडियंस | शाम 7:30 बजे | गुवाहाटी |
| 8 अप्रैल, बुधवार | दिल्ली कैपिटल्स बनाम गुजरात टाइटंस | शाम 7:30 बजे | दिल्ली |
| 9 अप्रैल, गुरुवार | कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स | शाम 7:30 बजे | कोलकाता |
| 10 अप्रैल, शुक्रवार | राजस्थान रॉयल्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु | शाम 7:30 बजे | गुवाहाटी |
| 11 अप्रैल, शनिवार | पंजाब किंग्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद | दोपहर 3:30 बजे | मुल्लांपुर |
| 11 अप्रैल, शनिवार | चेन्नई सुपर किंग्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स | शाम 7:30 बजे | चेन्नई |
| 12 अप्रैल, रविवार | लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम गुजरात टाइटंस | दोपहर 3:30 बजे | लखनऊ |
| 12 अप्रैल, रविवार | मुंबई इंडियंस बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु | शाम 7:30 बजे | मुंबई |