बठिंडा में सिरसा की छात्रा चलती ट्रेन से गिरी:सिर फूटा, हेल्प-हेल्प चिल्लाती आधे घंटे पटरी पर चली; पेरेंट्स को बिना बताए गई थी

हरियाणा के जिले सिरसा से घरवालों को बिना बताए घर से निकली नाबालिग छात्रा पंजाब के बठिंडा में चलती ट्रेन से गिर पड़ी। इस दौरान उसकी खोपड़ी में गहरी चोटें लगीं। एक गैरसरकारी संस्था (NGO) के लोगों ने लड़की को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया गया।

लड़की ने बताया कि वह 10वीं कक्षा में 2 सब्जेक्ट्स में फेल हो गई थी। इसे लेकर उसके घर में टेंशन थी, इसलिए वह घर से निकल आई थी। बड़ी बात यह रही कि लड़की ट्रेन से गिरने के बाद पटरी पर करीब आधे घंटे पैदल चली। उसके सिर से खून टपक रहा था और वह चिल्ला-चिल्लाकर मदद मांग रही थी। पास की बस्ती में जाकर लोगों ने उसकी मदद की।

NGO के सदस्यों ने लड़की के परिजन को उसकी सूचना दे दी। लड़की के परिजन उसे लेकर घर चल गए।

बठिंडा की उड़िया कॉलोनी में लड़की की मदद के लिए पहुंचे NGO के सदस्य और स्थानीय लोग।
बठिंडा की उड़िया कॉलोनी में लड़की की मदद के लिए पहुंचे NGO के सदस्य और स्थानीय लोग।

NGO के अध्यक्ष बोले- लड़की के सिर में चोट लगी थी

बठिंडा में नौजवान वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष सोनू माहेश्वरी ने बताया कि उन्हें शनिवार रात करीब 10 बजे उड़िया कॉलोनी से सूचना मिली थी कि एक लड़की बुरी तरह घायल हुई है। जब टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि लड़की के सिर में चोट लगी थी।

फौरन एम्बुलेंस को मौके पर बुलाया गया, जिसमें लड़की को लेटाकर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान लड़की ने अपने बारे में और घटना के बारे में जानकारी दी।

लड़की को अस्पताल ले जाने के लिए आई एम्बुलेंस।
लड़की को अस्पताल ले जाने के लिए आई एम्बुलेंस।

लड़की ने अस्पताल में ये बातें बताईं…

  • सिरसा की रहने वाली थी छात्रा: NGO के अध्यक्ष सोनू ने बताया कि सिविल अस्पताल में पूछताछ के दौरान लड़की ने अपना नाम आरती बताया। वह 15 साल की है और हरियाणा में सिरसा की रहने वाली है।
  • 10वीं में 2 विषयों में फेल होने पर डांट पड़ी: लड़की ने बताया- मैं 10वीं कक्षा की छात्रा हूं। पिछली बार हुईं बोर्ड की परीक्षा में मैं दो विषयों में फेल हो गई थी। इसके बाद घर पर बहुत डांट पड़ी। इसे लेकर घर में कई बार झगड़ा हो चुका था और अशांति बनी रहती थी। इससे तंग आकर शनिवार को मैं अपने माता-पिता को बिना बताए घर से निकल गई।
  • सिरसा से बठिंडा, फिर बठिंडा से अबोहर निकली: लड़की ने कहा कि वह ट्रेन से यात्रा कर रही थी। सिरसा स्टेशन से वह बठिंडा स्टेशन पर पहुंची। इसके बाद उसने अबोहर जाने वाली ट्रेन पकड़ ली। उसने बताया कि वह नहीं जानती थी कहां की यात्रा कर रही है। बस ट्रेन पकड़कर गुस्से में बढ़ती जा रही थी।
लड़की ने घायल हालत में लोगों को अपनी कहानी बताई।
लड़की ने घायल हालत में लोगों को अपनी कहानी बताई।
  • हवा के झोंके से संतुलन बिगड़ा: घायल लड़की ने कहा कि वह ट्रेन में दरवाजे पर खड़े होकर यात्रा कर रही थी। बठिंडा स्टेशन से ट्रेन चलकर कुछ ही दूर पहुंची थी कि अचानक तेज हवा का झोंका आया। इससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन से गिर पड़ी। इस दौरान उस पर किसी की नजर नहीं पड़ी।
  • बेहोशी की हालत में पड़ी रही: लड़की का कहना है कि वह पत्थरों पर गिरी थी, जिससे उसके सिर में गहरी चोट लगी। वह काफी देर तक बेहोशी की हालत में वहीं पड़ी रही। जब होश आया तो देखा कि आसपास कोई नहीं था। उसने चिल्लाकर मदद मांगी, लेकिन आसपास कोई नहीं था। इसके बाद वह अपना बैग उठाकर पैदल चल पड़ी।
  • घर में जाकर मदद मांगी: नाबालिग ने कहा कि उसने कोहरे में दूर एक हल्की रोशनी देखी। वह उसी की ओर बढ़ती गई तो उड़िया कॉलोनी के एक घर के पास पहुंची। वहां उसने मदद मांगी तो लोगों ने उसे सहारा दिया। इसके बाद NGO को सूचना देकर उसे अस्पताल लाया गया।
पटरी के किनारे गिरने के कारण लड़की के सिर में गहरी चोट लगी थी।
पटरी के किनारे गिरने के कारण लड़की के सिर में गहरी चोट लगी थी।

रात में ही लड़की को परिजन ले आए

NGO के सदस्यों ने लड़की से उसके परिजन का फोन नंबर लेकर उन्हें सूचना दी। इसके बाद रात में उसके परिजन आए और लड़की को इलाज के लिए अपने साथ लेकर सिरसा चले गए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.